सभी

दिल्ली कैपिटल्स को हराते हुए दूसरी बार WPL की चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस

दिल्ली कैपिटल्स को हराते हुए दूसरी बार WPL की चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस

ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को रोमांचक मुकाबले में 8 रन से हराकर दूसरी बार खिताब पर कब्जा कर लिया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में मुंबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 149 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 141 रन ही बना सकी। लगातार तीसरा फाइनल दिल्ली कैपिटल्स की टीम हारी है। 


इस मुकाबले की बात की जाए तो दिल्ली कैपिटल्स को 150 रन का टारगेट मिला था लेकिन शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान मेग लैनिंग सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गईं। वहीं, शेफाली वर्मा भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं और सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। तीसरा झटका भी जल्दी लगा जब विकेटकीपर साराह ब्राइस 5 रन पर आउट हो गईं। 


दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पावरप्ले के अंदर ही अपने टॉप ऑर्डर के विकेट गंवा दिए थे। 54 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम चार विकेट खो चुकी थी। इसके बाद जेमिमाह रॉड्रिग्स और मरीजाने कैप ने पारी को संभालने की कोशिश की। जेमिमाह ने 30 रन बनाए जबकि कैप ने 40 रनों की अहम पारी खेली। लेकिन रन गति लगातार दबाव में रही।

मुंबई इंडियंस की ओर से नेट सिवर ब्रंट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने 17वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर मैच का पासा पलट दिया। इसी ओवर में दिल्ली को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब उनकी जीत की उम्मीदें कमजोर पड़ गईं। एमेलिया केर ने भी कमाल का योगदान दिया, उन्होंने 2 विकेट झटके।


दिल्ली को आखिरी 3 ओवर में 28 रन की जरूरत थी, लेकिन नेट सिवर-ब्रंट और शबनीम इस्माइल की कसी हुई गेंदबाजी के आगे दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई। अंत में दिल्ली 9 विकेट खोकर 141 रन ही बना सकी और मुकाबला 8 रन से हार गई। दिल्ली कैपिटल्स को लगातार तीसरे फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। 

यह भी पढ़ें : IML FINAL 2025: भारत और वेस्टइंडीज के बीच कब खेला जाएगा फाइनल? जाने पूरी डिटेल


मुंबई इंडियंस की टीम ने दूसरी बार जीता WPL का खिताब 

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने दूसरी बार WPL का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले वे WPL 2023 की चैंपियन भी बनी थीं। इस बार फाइनल में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बल्ले से भी कमाल किया, उन्होंने 44 गेंदों में 66 रनों की कप्तानी पारी खेली थी।

किसको कौनसा मिला इनाम, देखें पूरी लिस्ट

पुरस्कार विजेता इनाम राशि
विजेता मुंबई इंडियंस 6 करोड़ रुपये
उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स 3 करोड़ रुपये
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर नेट साइवर-ब्रंट (मुंबई इंडियंस) 5 लाख रुपये
ऑरेंज कैप नेट साइवर-ब्रंट (मुंबई इंडियंस, 523 रन) 5 लाख रुपये
पर्पल कैप अमेलिया कर (मुंबई इंडियंस, 18 विकेट) 5 लाख रुपये
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन अमनजोत कौर (मुंबई इंडियंस) 5 लाख रुपये
सबसे ज्यादा छक्के एश्ले गार्डनर (गुजरात जायंट्स, 18 छक्के) 5 लाख रुपये
बेस्ट स्ट्राइक रेट चिनेल हेनरी (यूपी वॉरियर्स) 5 लाख रुपये
कैच ऑफ द सीजन एनाबेल सदरलैंड (दिल्ली कैपिटल्स) 5 लाख रुपये
सबसे ज्यादा डॉट बॉल शबनिम इस्माइल (मुंबई इंडियंस, 131 डॉट बॉल) 5 लाख रुपये
फेयर प्ले अवार्ड गुजरात जायंट्स 5 लाख रुपये
LastModified Date: 2025-03-16 14:24:39

नवीनतम टिप्पणियाँ