Abhishek Sharma Registers Most Ducks Record in T20 2026

अभिषेक शर्मा का आईपीएल 2026 में उतार चढ़ाव भरा प्रदर्शन जारी है। सनराइजर्स हैदराबाद के इस आक्रामक बल्लेबाज को 13 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में गोल्डन डक का सामना करना पड़ा। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अभिषेक पहली ही गेंद पर आउट हो गए। उन्हें जॉफ्रा आर्चर की गेंद पर डीप थर्ड में कैच आउट किया गया।
इस सीजन में अभिषेक शर्मा लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं और कई बार कम स्कोर पर आउट हुए हैं। टी20 विश्व कप 2026 में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और वही फॉर्म अब आईपीएल में भी जारी है।
हालांकि इस डक के साथ अभिषेक शर्मा ने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह इस साल टी20 क्रिकेट में उनका सातवां डक है, जो किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा एक साल में सबसे ज्यादा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा और संजू सैमसन के नाम था, जिन्होंने एक साल में छह छह बार बिना खाता खोले आउट होने का रिकॉर्ड बनाया था।
एक साल में टी20 में सबसे ज्यादा डक बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी
| खिलाड़ी | डक | साल |
|---|---|---|
| अभिषेक शर्मा | 7 | 2026 |
| रोहित शर्मा | 6 | 2018 |
| संजू सैमसन | 6 | 2024 |
| गुरकीरत सिंह मान | 4 | 2013 |
| पीयूष चावला | 4 | 2009 |
मैच का हाल
मुकाबले की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि यह इस सीजन में पहली बार इस्तेमाल हो रही पिच है और शुरुआत में थोड़ी धीमी हो सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि टीम ने दो बदलाव किए हैं। बृजेश को बाहर किया गया है और तुषार देशपांडे को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा शिमरोन हेटमायर को आराम दिया गया है और प्रिटोरियस को डेब्यू का मौका मिला है।
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने भी टीम में दो बदलाव किए। टीम की ओर से ईशान किशन ने कहा कि टीम लगातार सुधार करने की कोशिश कर रही है और उनका फोकस व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा टीम के प्रदर्शन पर है। उन्होंने यह भी कहा कि कप्तानी करने से जिम्मेदारी बढ़ती है और इससे खिलाड़ी का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
यहभीपढ़ें: जसप्रीत बुमराह क्यों नहीं ले पा रहे विकेट आईपीएल 2026 में